भाजपा ने मुख्यमंत्री बदला, हार मान चुकी है - पायलट

भाजपा ने मुख्यमंत्री बदला, हार मान चुकी है - पायलट

कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने जोधपुर में मीडिया से बात करते हुए कहा कि हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में चल रहे चुनावों में कांग्रेस और उसके गठबंधन भारी बहुमत से सरकार बनाएंगे। पायलट ने कहा कि हरियाणा में दस साल से भाजपा की सरकार है, जिसने मुख्यमंत्री को ऐन मौके पर बदलकर हार स्वीकार कर ली है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी और जनता पार्टी को ऐतिहासिक समर्थन देगी। वहीं, जम्मू-कश्मीर में गठबंधन की सरकार बनने की उम्मीद जताई और तीन चरणों के चुनाव के बाद वहां भी कांग्रेस की वापसी का दावा किया।

पायलट ने आगे कहा कि "इंडिया" गठबंधन लगातार आगे बढ़ रहा है, हरियाणा में कम्युनिस्ट पार्टी को एक सीट देने का फैसला दिखाता है कि कांग्रेस पार्टी सभी को साथ लेकर चलना जानती है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि एक राष्ट्र, एक चुनाव का दावा करने वाली पार्टी चार राज्यों के चुनाव एक साथ कराने का माहौल नहीं बना पा रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के नेता प्रतिपक्ष बनने के बाद सरकार को कई मुद्दों पर बैकफुट पर आना पड़ा है।

इसके साथ ही पायलट ने राजस्थान में कानून व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए और कहा कि राज्य में दुष्कर्म और अन्य अपराधों की घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने राज्य सरकार पर कानून व्यवस्था के मुद्दे पर विफल होने का आरोप लगाया और कहा कि भारतीय जनता पार्टी से जनता का मोहभंग हो चुका है। उन्होंने राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) की विश्वसनीयता पर भी सवाल उठाए और कहा कि इस संस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है।