Mumbai में क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई, होटल से 5 संदिग्ध गिरफ्तार, हथियारों का जखीरा बरामद

मुंबई: क्राइम ब्रांच की एंटी एक्सटॉर्शन सेल ने 29 मार्च को एक बड़े ऑपरेशन को अंजाम देते हुए अंधेरी स्थित एक होटल से 5 संदिग्ध अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को शक है कि ये सभी आरोपी उत्तर भारत के एक गैंग से जुड़े हैं और मुंबई में किसी बड़े उद्योगपति या प्रभावशाली व्यक्ति पर हमले की योजना बना रहे थे।
गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी, भारी मात्रा में हथियार बरामद
क्राइम ब्रांच को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध लोग मुंबई में किसी बड़ी साजिश को अंजाम देने की फिराक में हैं। इसके बाद पुलिस ने अंधेरी के एक होटल पर छापा मारा, जहां से आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके पास से 7 देसी पिस्तौल, 21 जिंदा कारतूस और 2 सिम कार्ड बरामद किए हैं। हालांकि, अब तक यह साफ नहीं हुआ है कि उनका असली टारगेट कौन था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
पुलिस ने गिरफ्तार किए गए संदिग्धों की पहचान कर ली है:
-
विवेक कुमार गुप्ता – अलवर, राजस्थान
-
सुमित कुमार दिलावर – सोनीपत, हरियाणा
-
विकास दिनेश ठाकुर उर्फ विक्की – गोरखपुर, उत्तर प्रदेश
-
देवेन्द्र सक्सेना – इंदौर, मध्य प्रदेश
-
श्रेयस यादव – गोपालगंज, बिहार
आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड और जांच जारी
पुलिस जांच में सामने आया है कि इनमें से कई आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से मौजूद है।
-
विकास उर्फ विक्की के खिलाफ उत्तर प्रदेश के सेंधवा में अवैध हथियार रखने का मामला दर्ज है।
-
सुमित कुमार दिलावर हरियाणा में हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर अपराधों में शामिल रहा है।
पूछताछ में खुलासा हुआ है कि ये आरोपी मुंबई में हमले की तैयारी कर रहे थे और भारी मात्रा में हथियारों के साथ एक ठिकाने पर छिपे हुए थे।
क्राइम ब्रांच की इस बड़ी कार्रवाई से मुंबई में एक बड़ा अपराध होने से पहले ही टल गया। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान कई और बड़े खुलासे हो सकते हैं।