ऐसी छवि बनाएं कि लोग याद करते रहें - देवनानी

राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने गुरुवार को विधानसभा में आयोजित एक समारोह में सहायक सचिव सुरेश चन्द्र पारीक और जितेन्द्र सारवान के सेवानिवृत्ति पर उन्हें सम्मानित किया। इस अवसर पर देवनानी ने दोनों अधिकारियों को माला, साफा पहनाकर और शॉल ओढ़ाकर स्मृति चिन्ह भेंट किए।
देवनानी ने इस मौके पर कहा, "अपने कर्म, व्यवहार, पहल, निष्ठा और ईमानदारी से ऐसी छवि बनाएं कि सेवानिवृत्ति के बाद भी लोग आपको याद करें। जीवन में तनाव नहीं होना चाहिए क्योंकि समय से पहले और भाग्य से ज्यादा कुछ नहीं मिल सकता है।" उन्होंने सेवानिवृत्ति को एक उत्सव के रूप में मनाने की बात की और सभी कर्मचारियों को जीवनभर सक्रिय रहने की प्रेरणा दी।
उन्होंने सेवानिवृत्त अधिकारियों से कहा कि वे जीवनभर मानव सेवा में जुटे रहें और अपने परिवारजन को राजस्थान विधानसभा, राजनैतिक आख्यान संग्रहालय और संविधान दीर्घा दिखाकर उन्हें गर्व महसूस कराएं।
विधानसभा अध्यक्ष देवनानी का संविधान दिवस पर आकाशवाणी के माध्यम से एक विशेष साक्षात्कार भी प्रसारित होगा। यह साक्षात्कार 29 नवम्बर को प्रात: 10 बजे राजस्थान के सभी आकाशवाणी केन्द्रों से प्रसारित होगा, जिसमें उन्होंने संविधान के इतिहास, विशेषताओं, मूल अधिकारों और कर्तव्यों पर विस्तार से चर्चा की।
साक्षात्कार के दौरान देवनानी ने संविधान के महत्व और उसकी भूमिका पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि संविधान हमारे लोकतंत्र की नींव है और हमें इसके कर्तव्यों को समझकर देश की सेवा में योगदान करना चाहिए।
इस साक्षात्कार के दौरान आकाशवाणी केन्द्रीय निदेशक लोकेश कुमार, कार्यक्रम प्रमुख अर्चना सिन्हा, और समाचार सम्पादक किशन शर्मा समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे।