महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए नगर निगम ग्रेटर की पहल

महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए नगर निगम ग्रेटर की पहल

महापौर डॉ. सौम्या गुर्जर के नेतृत्व में नगर निगम ग्रेटर ने महिलाओं और बालिकाओं को मानसिक, सामाजिक, शारीरिक और डिजिटल रूप से सशक्त करने के उद्देश्य से 'शक्ति वंदन 2.0' की शुरुआत की। इस पहल का पहला सत्र गुरुवार को कनोड़िया कॉलेज से आरंभ हुआ, जिसमें महिला सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।

कार्यक्रम में मार्शल आर्ट एक्सपर्ट्स, निर्भया स्क्वाड की इंचार्ज, मोटिवेशनल स्पीकर्स और एडवोकेट्स ने भाग लिया। महापौर डॉ. सौम्या गुर्जर ने 'पिंक पेटी' (शिकायत एवं सुझाव बॉक्स) का उद्घाटन किया, जिसे शहर के 500 सार्वजनिक स्थानों पर लगाया जाएगा ताकि महिलाएं अपनी शिकायतें और सुझाव दर्ज कर सकें।  

महापौर ने इस पहल के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि हर महिला और बेटी को सशक्त बनाना उनका प्राथमिक कर्तव्य है। महिला एवं बाल विकास समिति की चेयरमेन डॉ. मीनाक्षी शर्मा ने भी महिलाओं के सशक्तिकरण पर अपने विचार साझा किए।  

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रानू शर्मा ने महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया, जबकि एसआई सुनीता चौधरी ने आपातकालीन नंबरों की जानकारी दी। एडवोकेट स्वाति अग्रवाल ने महिलाओं के विरुद्ध हो रहे अपराधों की रोकथाम और कानूनी प्रावधानों पर प्रकाश डाला।  

मार्शल आर्ट एक्सपर्ट रिचा गौड़ ने छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाए, जबकि मनोवैज्ञानिक डॉ. रिचा शर्मा ने मानसिक सशक्तिकरण के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।  

इस अवसर पर बड़ी संख्या में कॉलेज की शिक्षिकाएं और छात्राएं मौजूद रहीं। शक्ति वंदन 2.0 के तहत 12 अक्टूबर 2024 तक विभिन्न सत्रों का आयोजन किया जाएगा, जिसका उद्देश्य महिलाओं को सशक्त बनाना है।