विकसित राष्ट्र बनाने में पत्रकारों का सकारात्मक सहयोग महत्वपूर्ण : भागीरथ चौधरी

विकसित राष्ट्र बनाने में पत्रकारों का सकारात्मक सहयोग महत्वपूर्ण : भागीरथ चौधरी

जयपुर। भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने में पत्रकारों का सक्रिय और सकारात्मक सहयोग महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। मीडिया न सिर्फ सरकार और जनता के बीच समन्वय का कार्य करती है, बल्कि जनता की समस्याओं को सरकार तक पहुँचाकर उसे जनहित की योजनाएं बनाने और उनमें निरंतर सुधार करने के लिए भी प्रेरित करता है। उक्त विचार अजमेर के सांसद भागीरथ चौधरी ने व्यक्त किए। वे यहाँ पत्र सूचना कार्यालय, जयपुर, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा अजमेर में आयोजित क्षेत्रीय मीडिया सम्मेलन ‘वार्तालाप’ को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर मंच पर अजमेर की जिलाधिकारी डॉ. भारती दीक्षित, CRPF ग्रुप समूह 2 के डीआईजी  अनिल कुमार सिंह, पत्र सूचना कार्यालय, जयपुर के संयुक्त निदेशक श्री पवन सिंह फौजदार, अति. मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुश्री प्रियंका तलानिया आदि उपस्थित थे।
श्री चौधरी ने कहा कि पत्रकार जनता के हितों के सच्चे प्रहरी होते हैं। उनकी समस्याओं को उजागर करने का कार्य पत्रकार करते हैं। उन्होंने कहा कि एक सक्षम नेतृत्व की बदौलत आज विश्व में भारत का सम्मान बढ़ा है। आज समाज का कोई वर्ग ऐसा नहीं है, जिसके हित की अनेक योजनाएं उपलब्ध न हो। हमारा यह कर्तव्य है कि हमें जो भी जिम्मेदारी मिली है, उसे ईमानदारी से और राष्ट्र निर्माण का उद्देश्य सामने रखकर निभाएं। इस अवसर पर बीमा लोकपाल के सचिव राजेश जलोडिया, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी ओमशंकर वर्मा, नवीन सागर सोनी, अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संपत सिंह जोधा, जिला उद्योग केंद्र के संयुक्त आयुक्त डी.के. शर्मा ने भी अपने विचार व्यक्त किए।