Ahmedabad plane crash: पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का हुआ अंतिम संस्कार

गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का सोमवार को अंतिम संस्कार किया गया। बीते सप्ताह अहमदाबाद विमान हादसे में उनका निधन हो गया था। सोमवार को रूपाणी का शव उनके परिजनों को सौंपा गया, जिसके बाद उसे चार्टर्ड विमान से राजकोट लाया गया।
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उनका पार्थिव शरीर राजकोट स्थित आवास ले जाया गया, जहां अंतिम दर्शन के लिए आम लोगों और राजनीतिक कार्यकर्ताओं की भीड़ उमड़ पड़ी। आज शाम उनका अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया।
इस मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी राजकोट पहुंचे और पूर्व मुख्यमंत्री को श्रद्धांजलि अर्पित की।
विमान हादसे को 4 दिन हो चुके, 250 शवों के लिए DNA टेस्ट
गौरतलब है कि 12 जून को एयर इंडिया की AI-171 फ्लाइट (787-8 बोइंग ड्रीमलाइनर) अहमदाबाद से लंदन के लिए रवाना हुई थी। लेकिन उड़ान भरने के कुछ देर बाद ही यह विमान हादसे का शिकार हो गया। विमान बीजे मेडिकल कॉलेज एंड सिविल हॉस्पिटल के हॉस्टल बिल्डिंग से टकरा गया।
हादसे के बाद 250 से ज्यादा शवों के DNA सैंपल लिए गए, जिनमें से अब तक 99 शवों की पहचान हो चुकी है। इनमें से 64 शव उनके परिजनों को सौंपे जा चुके हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री रूपाणी का शव भी पहचान के बाद उनके परिवार को सौंपा गया था।
राज्य और देशभर में शोक की लहर
विजय रूपाणी के निधन से पूरे गुजरात में शोक की लहर है। बीजेपी कार्यकर्ताओं से लेकर आम जनता तक, सभी ने उन्हें एक साफ-सुथरी और विकासवादी राजनीति का चेहरा बताया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी के अन्य शीर्ष नेताओं ने भी उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया।