Ahmedabad प्लेन क्रैश- 265 शव बरामद, मृतकों में पूर्व CM विजय रूपाणी भी शामिल

गुजरात की राजधानी अहमदाबाद गुरुवार को भीषण विमान दुर्घटना की चपेट में आ गई। एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 क्रैश हो गई, जिसमें अब तक 265 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं। इन मृतकों में 241 यात्री और क्रू मेंबर, और 5 मेडिकल हॉस्टल निवासी शामिल हैं।
विमान बीजे मेडिकल कॉलेज हॉस्टल पर गिरा, जहां उस समय 50 से ज्यादा लोग मौजूद थे। हादसे में 4 MBBS छात्र और एक डॉक्टर की पत्नी की मौत की पुष्टि हो चुकी है। बाकी लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।
क्या था हादसे का पूरा घटनाक्रम?
एयर इंडिया की बोइंग 787 ड्रीमलाइनर फ्लाइट AI-171 ने गुरुवार दोपहर 1:38 बजे अहमदाबाद से लंदन के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के दो मिनट बाद ही तकनीकी खराबी के चलते विमान ने नियंत्रण खो दिया और सीधे बीजे मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल पर जा गिरा।
इस विमान में 230 यात्री सवार थे, जिनमें:
-
169 भारतीय
-
53 ब्रिटिश नागरिक
-
7 पुर्तगाली
-
1 कनाडाई नागरिक
शामिल थे।
इसके अलावा 12 क्रू मेंबर्स भी फ्लाइट में थे। यात्रियों में 103 पुरुष, 114 महिलाएं, 11 बच्चे और 2 नवजात शामिल थे।
कौन-कौन हुए हादसे का शिकार?
इस दर्दनाक हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की भी मौत हो गई है। रूपाणी किसी निजी दौरे पर लंदन जा रहे थे।
अब तक सिर्फ एक यात्री जीवित बचा है, जिसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
शवों की पहचान डीएनए से
कई शव बुरी तरह जल चुके हैं। ऐसे में प्रशासन ने मृतकों की पहचान के लिए डीएनए टेस्टिंग शुरू कर दी है। परिजनों से सैंपल लिए जा रहे हैं।
जांच में जुटी NSG और पुलिस
क्रैश साइट पर NSG की टीम और बम निरोधक दस्ते पहुंच गए हैं।
अहमदाबाद पुलिस स्निफर डॉग्स के साथ मौके पर मौजूद है, ताकि मलबे में अगर कोई जीवित हो तो उसे तुरंत निकाला जा सके।
पीएम मोदी पहुंचे घटनास्थल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार सुबह अहमदाबाद पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले क्रैश साइट का दौरा किया और फिर सिविल अस्पताल जाकर घायलों और पीड़ित परिजनों से मुलाकात की।
एयर इंडिया ने खोले हेल्प सेंटर
एयर इंडिया ने अहमदाबाद, मुंबई, दिल्ली और लंदन के गैटविक एयरपोर्ट पर हेल्प डेस्क और सहायता केंद्र बनाए हैं, जहां परिजनों को जानकारी दी जा रही है और मानसिक स्वास्थ्य सहायता भी दी जा रही है।
पूरा देश स्तब्ध
देश भर से शोक संवेदनाएं आ रही हैं। राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, तमाम मुख्यमंत्रियों और नेताओं ने इस त्रासदी पर दुख व्यक्त किया है। संसद में भी 2 मिनट का मौन रखा गया।