निगम मुख्यालय में भाजपा के पोस्टर पर नेता प्रतिपक्ष ने जताई आपत्ति

निगम मुख्यालय में भाजपा के पोस्टर पर नेता प्रतिपक्ष ने  जताई आपत्ति

जयपुर नगर निगम में कांग्रेस पार्षद दल के नेता प्रतिपक्ष राजीव चौधरी ने जयपुर नगर निगम ग्रेटर के मुख्यालय में भाजपा सदस्यता अभियान का पोस्टर चस्पां होने पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि एक सरकारी कार्यालय में एक राजनीतिक दल के सदस्यता अभियान का पोस्टर चस्पां होना अनुचित है। भाजपा प्रदेश में सत्ताधारी दल है और नगर निगम ग्रेटर की महापौर सौम्या गुर्जर भी भाजपा से हैं। इस तरह भाजपा और महापौर दोनों मिलकर सत्ता का दुरूपयोग कर रहे हैं। नगर निगम ग्रेटर के प्रशासन को महापौर और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दोनों के खिलाफ पुलिस में एफआईआर दर्ज करानी चाहिए। 

राजीव चौधरी ने कहा कि भाजपा की सत्ता का दुरूपयोग करने की पुरानी आदत रही है और इसने एक बार फिर जयपुर नगर निगम का भाजपाईकरण कर दिया है। उन्होंने कहा कि किसी भी सरकारी कार्यालय के भीतर किसी राजनीतिक दल का पोस्टर नहीं लगाया जा सकता। लेकिन महापौर ने यह जानबूझकर किया है ताकि निगम मुख्यालय में अपनी समस्याएं लेकर आने वाली 

जनता पर दबाव बनाया जा सके। समाज के गरीब, कमजोर, मजदूर वर्ग पर दबाव बनाकर भाजपा अपने सदस्य बना सके। इस समय भाजपा का सदस्यता अभियान विफल हो गया है और लोग भाजपा से जुड़ने को तैयार नहीं है। ऐसे में भाजपा कई हथकंडे अपना कर अपने बोगस सदस्य बनाना चाहती है।