देश में कोरोना का खतरा, 20 दिन में अब तक 55 मौतें

देश में एक बार फिर कोरोना वायरस ने दस्तक दे दी है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, बीते 20 दिनों में कोविड मामलों में 58 गुना बढ़ोतरी दर्ज की गई है। जहां 16 मई को केवल 93 एक्टिव केस थे, वहीं अब यह आंकड़ा 5364 तक पहुंच गया है।
29 राज्यों में फैला संक्रमण, 24 घंटे में 500 नए केस
कोरोना अब देश के 29 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में फैल चुका है। बीते 24 घंटों में 500 नए कोविड केस सामने आए हैं। केरल में सबसे अधिक 1679 एक्टिव केस हैं, इसके बाद गुजरात (615), पश्चिम बंगाल (596), दिल्ली (592) और महाराष्ट्र (548) केसों के साथ आगे हैं।
अब तक 55 मौतें, 15 दिन में 53 मौतें
जनवरी से अब तक कोरोना से 55 मौतें हो चुकी हैं, जिनमें से 53 मौतें बीते 15 दिनों में हुई हैं। गुरुवार को दिल्ली में दो लोगों की मौत हुई, जिनमें एक 5 महीने का बच्चा भी शामिल है। केरल में 2, कर्नाटक और पंजाब में 1-1, जबकि महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 17 लोगों की जान गई है।
राज्यों से अपडेट और तैयारियां
केरल: अस्पतालों में कोविड और फ्लू के लक्षण वाले मरीजों की जांच अनिवार्य की गई है। मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया गया है।
महाराष्ट्र: जनवरी से अब तक 13,707 टेस्ट हुए, जिनमें 1064 लोग पॉजिटिव पाए गए। कुल 17 मौतें दर्ज की गई हैं।
गुजरात: 508 एक्टिव केसों में 490 होम आइसोलेशन में हैं, जबकि 18 मरीज अस्पताल में भर्ती हैं।
कर्नाटक: गुलबर्गा मेडिकल इंस्टीट्यूट में 25 बेड वाला कोविड वार्ड तैयार किया गया है, जिसमें ICU और प्रेग्नेंट महिलाओं के लिए अलग बेड हैं।
उत्तराखंड: जिला प्रशासन को अस्पतालों में ऑक्सीजन, दवाएं और कोविड मामलों की रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने के निर्देश।
सिक्किम: 29 मई से अब तक 526 सैंपल टेस्ट हुए, जिनमें 15 पॉजिटिव निकले। सभी अस्पतालों में कोविड प्रोटोकॉल लागू किया गया है।
हिमाचल प्रदेश: सिरमौर के नाहन में पहला केस मिलने के बाद अस्पतालों में मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया गया है।
अस्पतालों में मॉक ड्रिल और केंद्रीय तैयारी
केंद्र सरकार ने देशभर के प्रमुख अस्पतालों में मॉक ड्रिल करवाई है, जिसमें ऑक्सीजन सप्लाई, वेंटिलेटर, मेडिकल स्टॉक जैसी तैयारियों का परीक्षण किया गया। रिपोर्ट के आधार पर अस्पतालों को रेटिंग दी जाएगी ताकि संभावित चौथी लहर के दौरान तैयारी बेहतर रहे।
स्कूलों में भी अलर्ट – ओडिशा में कोविड गाइडलाइन के तहत खुले स्कूल
ओडिशा में गर्मी की छुट्टियों के बाद स्कूल खोले गए हैं। शिक्षा मंत्री नित्यानंद गोंड ने बताया कि सर्दी, खांसी, बुखार वाले बच्चों को मास्क पहनना अनिवार्य किया गया है और गंभीर लक्षण वाले छात्रों को घर पर आइसोलेट रहने की सलाह दी गई है।