कजाकिस्तान में प्लेन क्रैश: 39 लोगों के मारे जाने की आशंका, 28 रेस्क्यू

कजाकिस्तान के अक्ताऊ में बुधवार सुबह एक बड़ा विमान हादसा हुआ। एक पैसेंजर प्लेन क्रैश हो गया, जिसमें 62 यात्री और 5 क्रू मेंबर्स सवार थे। खबरों के मुताबिक, अब तक 28 लोगों को बचा लिया गया है, जिनमें से 22 को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में 2 बच्चे भी शामिल हैं। हादसे में 39 लोगों के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है।
घने कोहरे ने बनाया हादसे का कारण
यह विमान अजरबैजान से रूस के चेचन्या प्रांत की राजधानी ग्रोज्नी जा रहा था। घने कोहरे के चलते फ्लाइट का रूट बदला गया था। हादसे से पहले प्लेन ने एयरपोर्ट के कई चक्कर लगाए और इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी।
इमरजेंसी लैंडिंग में हुआ हादसा
एयरपोर्ट पर लैंडिंग की अनुमति न मिलने के कारण पायलट को मजबूर होकर विमान को अक्ताऊ शहर से लगभग 3 किमी दूर समुद्र तट पर लैंड कराना पड़ा। लैंडिंग के दौरान प्लेन क्रैश हो गया।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
क्रैश के तुरंत बाद विमान में आग लग गई। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में दुर्घटनास्थल से धुआं और आग की लपटें उठती दिख रही हैं। बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त विमान अजरबैजान एयरलाइन्स का एम्ब्रेयर 190 मॉडल था।
राहत और बचाव कार्य जारी
घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य जारी है। स्थानीय प्रशासन और इमरजेंसी सेवाएं घायलों को बचाने और शवों को निकालने का काम कर रही हैं। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।