नगर निगम चुनावों के लिए आम आदमी पार्टी ने शुरू किया जनसंपर्क अभियान

नगर निगम चुनावों के लिए आम आदमी पार्टी ने शुरू किया जनसंपर्क अभियान

आम आदमी पार्टी (AAP) ने आगामी नगर निगम चुनावों के लिए जयपुर जिले में जनसंपर्क अभियान शुरू कर दिया है। पार्टी ने प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के वार्डों में जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर व्यापक जनसंपर्क शुरू किया है। जयपुर जिले की नई कार्यकारिणी के नेतृत्व में, पार्टी ने अपने मजबूत कार्यकर्ताओं की टीम के साथ इस अभियान को तेज किया है।

जयपुर जिले के जिलाध्यक्ष अर्चित गुप्ता ने बताया कि पार्टी ने विधानसभा चुनावों में मजबूती से मुकाबला किया था, लेकिन भाजपा द्वारा पार्टी के वरिष्ठ नेता और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद पार्टी की सक्रियता कम हो गई थी। अब, पार्टी ने पुनः अपनी गतिविधियां शुरू कर दी हैं, और जमीनी मुद्दों पर काम करने का संकल्प लिया है, जिसका असर आगामी नगर निगम चुनावों में दिखाई देगा।

पार्टी के मीडिया प्रभारी पवन देव ने कहा कि सभी विधानसभा क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं की मीटिंग आयोजित की जा चुकी हैं और अब जमीनी मुद्दों को बड़े स्तर पर जनता के सामने लाया जाएगा। उन्होंने बताया कि पार्टी ने आगामी पार्षद चुनावों की तैयारियां भी शुरू कर दी हैं। AAP का लक्ष्य जयपुर हैरिटेज और ग्रेटर नगर निगम में बोर्ड बनाकर भाजपा और कांग्रेस के वर्चस्व को चुनौती देना है। उनका उद्देश्य जयपुर को एक वर्ल्ड हैरिटेज सिटी के रूप में उसकी खूबसूरती और सफाई व्यवस्था के लिए पहचान दिलाना है, न कि गंदगी, गड्ढों और भ्रष्टाचार के लिए।