तीज महोत्सव-2024: नगर निगम ग्रेटर द्वारा हरियाली तीज महोत्सव का आयोजन

तीज महोत्सव-2024: नगर निगम ग्रेटर द्वारा हरियाली तीज महोत्सव का आयोजन

नगर निगम ग्रेटर द्वारा 5 अगस्त को हरियाली तीज महोत्सव का आयोजन किया गया। यह आयोजन शाम 3 बजे से मानसरोवर के मुहाना रोड स्थित अभिनंदन बैंक्वेट हॉल में हुआ। गुलाबी नगरी की गुलाबी लहरिया थीम पर आयोजित इस महोत्सव में सावन की तीज को परंपरागत रूप से मनाया गया। तीज का झूला, घेवर, तीज की सवारी और पूजन, घूमर के साथ-साथ तीज के महत्व को भी महिलाओं को बताया गया।

नगर निगम ग्रेटर महापौर डॉ. सौम्या गुर्जर ने बताया कि हर वर्ष तीज महोत्सव मनाया जाता है और राजस्थान की महिलाओं के लिए तीज का विशेष महत्व है। इस बार नगर निगम ग्रेटर ने शहर की सैकड़ों महिलाओं और विभिन्न महिला संगठनों के साथ प्रश्नोत्तरी, घूमर, मेहंदी, थाली मेकिंग, बणी ठणी, घेवर बनाने जैसी कई प्रतियोगिताओं का आयोजन किया। इसके साथ ही सबसे बड़ा घेवर बनाकर एशिया बुक ऑफ़ रिकार्ड्स और इंडिया बुक ऑफ़ रिकार्ड्स में नाम दर्ज कर कीर्तिमान स्थापित किया। टीम ने महापौर डॉ. सौम्या गुर्जर को सर्टिफिकेट सौंपे। कार्यक्रम में तीज की सवारी भी निकाली गई।

नगर निगम ग्रेटर के तीज महोत्सव में उपहार के रूप में पेड़ दिया गया ताकि महिला शक्ति इस मुहिम में जुड़कर एक करोड़ पेड़ लगाने के लक्ष्य में बढ़-चढ़कर भाग ले। साथ ही, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा हैंडमेड प्रोडक्ट की स्टॉल भी लगाई गई, जिस पर महिलाओं ने खरीदारी भी की।

इस तीज महोत्सव में निगम ने महिलाओं का मुँह मीठे घेवर से मीठा किया। सवा सात फीट के घेवर को 20 कारीगरों द्वारा पांचवे प्रयास में बनाया गया, जिसमें एक हजार किलो घी, 105 किलो मैदा, 125 किलो पनीर, 125 किलो दूध का उपयोग किया गया। यह घेवर 800 किलो की कड़ाई पर बनाई गई, जिसकी चौड़ाई 7.50 फीट और 10 इंच लंबी है। तीज उत्सव में लोगों को यह घेवर दिखाया और खिलाया गया। वहीं, वर्ल्ड रिकॉर्ड की टीम भी इस दौरान वहाँ उपस्थित रही। सैकड़ों महिलाएँ इस अनूठे रिकॉर्ड की साक्षी बनी। कार्यक्रम में अध्यक्ष, पार्षद सहित बड़ी संख्या में महिला संगठन और लेडीज क्लब की महिलाएं मौजूद रहीं।