बांग्लादेश में ईसाई समुदाय के 17 घरों में आगजनी

बांग्लादेश के बंदरबन जिले के चटगांव पहाड़ी इलाके में क्रिसमस से एक दिन पहले ईसाई समुदाय के 17 घर जला दिए गए। पीड़ितों का कहना है कि यह घटना उस समय हुई जब वे क्रिसमस के मौके पर चर्च में प्रार्थना करने गए थे।
ईसाई समुदाय के लोगों ने बताया कि इस आगजनी में उनका करीब 15 लाख टका (बांग्लादेशी करंसी) से अधिक का नुकसान हुआ है। उनके घरों में रखी जरूरी वस्तुएं और संपत्ति जलकर खाक हो गईं।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल का दौरा किया। हालांकि, पुलिस का कहना है कि बुधवार दोपहर तक इस मामले में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं हुई है। पुलिस ने भरोसा दिया है कि शिकायत मिलने पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने क्रिसमस की तैयारियों में जुटे ईसाई समुदाय के लोगों को गहरी चोट पहुंचाई है। स्थानीय प्रशासन इस मामले की जांच में जुटा है, और समुदाय के लोग न्याय की उम्मीद कर रहे हैं।