हरियाणा विधानसभा चुनाव: 49.13% मतदान, कई जिलों में बवाल, सबसे ज्यादा वोटिंग यमुनानगर में

हरियाणा विधानसभा चुनाव: 49.13% मतदान, कई जिलों में बवाल, सबसे ज्यादा वोटिंग यमुनानगर में

हरियाणा विधानसभा चुनाव की 90 सीटों के लिए वोटिंग जारी है। चुनाव आयोग के अनुसार, दोपहर 3 बजे तक 49.13% मतदान हो चुका है। सबसे ज्यादा वोटिंग यमुनानगर में 56.79% और सबसे कम गुरुग्राम में 38.61% दर्ज की गई है।

टॉप अपडेट्स की बात करें तो...

  • सबसे अधिक वोटिंग यमुनानगर में 56.79%, उसके बाद नूंह में 56.59% और पलवल में 56.02% रही।
  • गुरुग्राम में सबसे कम 38.61% मतदान हुआ।
  • चुनाव आयोग हर 2 घंटे बाद आंकड़ों को अपडेट कर रहा है और मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा।
  • परिणाम 8 अक्टूबर को घोषित होंगे।

नूंह में तीन जगहों पर पथराव

नूंह जिले में मतदान के दौरान तीन स्थानों पर बवाल हुआ। कांग्रेस, इनेलो-बसपा, और निर्दलीय उम्मीदवारों के समर्थकों के बीच जमकर पथराव हुआ, जिसमें 2 लोग घायल हो गए हैं। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए चंदेनी, ख्वाजा कलां और गुलालता में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। डीएसपी सुरेंद्र मौके पर पहुँच गए हैं और स्थिति का जायजा ले रहे हैं।

चुनाव में कुछ और प्रमुख घटनाएं...

  • कुरुक्षेत्र से बीजेपी सांसद नवीन जिंदल घोड़े पर सवार होकर मतदान करने पहुंचे। यह नजारा लोगों के बीच चर्चा का विषय रहा।
  • महेंद्रगढ़ के बूथ नंबर 128 पर एक व्यक्ति ने EVM मशीन को तीन बार उठा कर पटका। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए व्यक्ति को हिरासत में ले लिया।
  • पलवल में वोटिंग मशीन में तकनीकी खराबी आई, जिसके बाद अधिकारियों ने मशीन को बदलकर मतदान फिर से शुरू किया।
  • पानीपत के इसराना विधानसभा क्षेत्र में दो पक्षों के बीच विवाद में चाकू चले, जिसमें एक युवक घायल हो गया।
  • पंचकूला में बीजेपी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई। बताया जा रहा है कि जय श्रीराम के नारे लगाने को लेकर बहस छिड़ गई।
  • फतेहाबाद में इनेलो-बसपा उम्मीदवार ने प्रिजाइडिंग अधिकारी पर भाजपा प्रत्याशी के समर्थकों को मतदान केंद्र में घुसने देने का आरोप लगाया।
  • सोनीपत में कवरिंग एजेंट बदलने पर विवाद हुआ, जहां कांग्रेस कैंडिडेट जगबीर मलिक और पुलिस के बीच बहस हो गई।
  • हिसार में बीजेपी और कांग्रेस समर्थकों के बीच मारपीट हुई। दोनों ने एक-दूसरे पर बोगस वोटिंग कराने का आरोप लगाया।
  • नांगल चौधरी में कांग्रेस और बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। बीजेपी ने कांग्रेस पर बूथ कैप्चरिंग की कोशिश का आरोप लगाया।
  • जींद के जुलाना में बूथ कैप्चरिंग की शिकायत मिली, जहां भाजपा प्रत्याशी कैप्टन योगेश बैरागी भी पहुंचे और वहां लोगों ने उनका विरोध किया।