जयपुर में तिरंगा यात्रा का हुआ शुभारंभ ,मुख्यमंत्री शर्मा ने दिखाई हरी झंडी

जयपुर में तिरंगा यात्रा का हुआ शुभारंभ ,मुख्यमंत्री शर्मा ने दिखाई हरी झंडी

आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत भाजपा द्वारा आज घर-घर तिरंगा अभियान का शुभारंभ तिरंगा यात्रा से किया गया। यह यात्रा एमआई रोड स्थित रामलीला मैदान से शुरू हुई, जिसका उद्घाटन मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ और भाजपा प्रदेश सह प्रभारी विजया राहटकर ने हरी झंडी दिखाकर किया।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने तिरंगा यात्रा के शुभारंभ अवसर पर कहा कि देश की एकता और अखंडता के लिए घर-घर तिरंगा अभियान में सभी को सहभागी बनना जरूरी है। उन्होंने कहा, "तिरंगा हमारा स्वाभिमान, अभिमान और राष्ट्र का गौरव है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमृतकाल के दौरान घर-घर तिरंगा अभियान की शुरुआत की थी, और हमें इस अभियान में शामिल होकर घर-घर तिरंगा फहराना है। तिरंगा फहराने के साथ हमें राष्ट्र के गौरव को आगे बढ़ाना है।"

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने तिरंगा यात्रा का महत्व बताते हुए कहा, "घर-घर तिरंगा अभियान के तहत निकाली जा रही तिरंगा यात्रा का उद्देश्य देशवासियों में राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत करना, राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सद्भाव पैदा करना और स्वाधीनता आंदोलन से जुड़े सेनानियों को याद करना है। तिरंगा देशवासियों की आन-बान और शान है। इसे हमें सदैव बरकरार रखना है। इस यात्रा का लक्ष्य और उत्सव तभी पूर्ण होगा जब देश का प्रत्येक नागरिक 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लेगा।"

राठौड़ ने आगे कहा कि हमें स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को सदैव याद रखना चाहिए और आज की युवा पीढ़ी को आजाद भारत की उपलब्धियों पर चर्चा करनी चाहिए। उन्होंने कहा, "आज देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत की ओर अग्रसर है। देश को विकसित भारत बनाने में समाज के सभी वर्गों को अपना योगदान देना चाहिए।"

भाजपा प्रदेश सह प्रभारी विजया राहटकर ने बताया कि "हर घर तिरंगा अभियान" के तहत प्रदेशभर में तिरंगा यात्रा और तिरंगा बाइक रैली का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तीव्र गति से आगे बढ़ रहा है और नए आयाम स्थापित कर रहा है। देश विकसित भारत के स्वप्न को साकार करने के लिए एकजुट होकर आगे बढ़ रहा है।"

इस अवसर पर सांसद घनश्याम तिवाड़ी, सांसद मंजू शर्मा, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी, तिरंगा अभियान के संयोजक एवं पूर्व सांसद रामचरण बोहरा, विधायक एवं भाजपा महामंत्री जितेंद्र गोठवाल, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच, नाहर सिंह जोधा, विधायक कालीचरण सराफ, गोपाल शर्मा, बाल मुकुंदाचार्य, कल्पना देवी, किसान आयोग के अध्यक्ष सीआर चौधरी, भाजपा प्रदेश मंत्री पिंकेश पोरवाल, भूपेंद्र सैनी, युवा मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष अंकित गुर्जर चेची, महापौर सौम्या गुर्जर, जिलाध्यक्ष राघव शर्मा, जयपुर देहात जिलाध्यक्ष राजेश गुर्जर, श्याम शर्मा सहित भाजपा के कई नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे।