कर्मचारियों की मांगों को लेकर अतिरिक्त मुख्य अभियंता का किया घेराव

कर्मचारियों की मांगों को लेकर अतिरिक्त मुख्य अभियंता का किया घेराव

जलदाय विभाग के तकनीकी कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर आज अतिरिक्त मुख्य अभियंता कार्यालय, गांधीनगर, जयपुर पर जोरदार प्रदर्शन किया। राजस्थान वाटर वर्क्स कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप यादव के नेतृत्व में सैकड़ों कर्मचारियों ने अतिरिक्त मुख्य अभियंता अमिताभ शर्मा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनका घेराव किया। 

प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांगों में पिछले दो वर्षों से लंबित डीपीसी (विभागीय प्रोन्नति समिति) को शीघ्र आयोजित करना, कार्य प्रभारित कर्मचारियों की पदोन्नति के बाद भी वेतन बिलो में पदनाम अंकित करवाना, और सेवानिवृत कर्मचारियों की लंबित पेंशन प्रकरणों का शीघ्र समाधान शामिल था। 

संघ के महामंत्री मोहनलाल शर्मा ने बताया कि जयपुर शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के तकनीकी कर्मचारियों की डीपीसी लंबे समय से लंबित है, और कई सेवानिवृत कर्मचारियों की पेंशन प्रकरण पिछले दो वर्षों से लंबित पड़े हैं। कर्मचारियों ने बार-बार ज्ञापन देने के बावजूद इन मांगों पर कोई कार्रवाई नहीं होने के कारण आक्रोश व्यक्त किया।

प्रदर्शन के दौरान अतिरिक्त मुख्य अभियंता अमिताभ शर्मा ने कर्मचारियों के साथ सहानुभूतिपूर्ण वार्ता की और उनकी मांगों को एक महीने के भीतर पूरा करने का आश्वासन दिया। शर्मा ने कहा कि तकनीकी कर्मचारियों की डीपीसी, पदोन्नति कर्मचारियों के वेतन बिलों में पद अंकित करवाने, और सेवानिवृत कर्मचारियों के लंबित प्रकरणों का समाधान शीघ्र किया जाएगा। 

इस मौके पर अधीक्षण अभियंता अनिल कुमार शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष महेंद्र सिंह शेखावत, शहर अध्यक्ष सहीदउद्दीन, महामंत्री बनवारी लाल सैनी, कोषाध्यक्ष प्रभु सिंह रावत, और मीडिया प्रभारी विजय सिंह सहित सैकड़ों कर्मचारी उपस्थित रहे। संघ ने चेतावनी दी है कि अगर एक माह में सभी प्रकरणों का समाधान नहीं किया गया, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।